Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित हुसीर गांव में जमीन विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया. न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद जमीन पर जबरन निर्माण और कब्जे की कोशिश के दौरान प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया गया. इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है. मामला उस वक्त का है जब अनुमंडल दंडाधिकारी सदर, रांची द्वारा वाद संख्या 185/26 में मौजा हुसीर, खाता संख्या 134, प्लॉट संख्या 1550, रकबा 1.64 एकड़ जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया था. इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा लगातार आदेश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा था.

गुरुवार (04 जून 2026) को अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू, अंचलाधिकारी कांके और थाना प्रभारी कांके पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचे थे, ताकि न्यायालय के आदेश का पालन कराया जा सके. इसी दौरान पहले से मौजूद निशा भगत नामक महिला अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को प्रशासन और पुलिस के खिलाफ उकसाने लगी.
स्थानीय लोग उग्र हो गए
उकसावे में आकर कई स्थानीय लोग उग्र हो गए और प्रशासनिक टीम को घेर लिया. देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और टांगी, तलवार, लाठी, हॉकी स्टिक, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया. इस हमले में पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार घायल हो गए. स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी ने अतिरिक्त बल और महिला पुलिस को बुलाया, जिसके बाद किसी तरह हालात पर काबू पाया गया. मौके से टांगी, तलवार, लाठी और हॉकी स्टिक को जब्त कर लिया गया है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
घटना के दौरान हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ सरकारी वाहन के शीशे भी तोड़ दिए.इस संबंध में अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू ने कांके थाना में लिखित आवेदन देकर कुल 12 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.कुछ को हिरासत में भी लिया गया है.
AlsoRead:बोकारो: शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप, युवक गिरफ्तार
