Bokaro: बोकारो जिले अंतर्गत दामोदर नदी के भतुआ घाट में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 65 वर्षीय धनेश्वर रविदास उर्फ कोका की मौत हो गई. मृतक की पहचान धनबाद के महुदा थाना क्षेत्र तेलमोच्चो पंचायत के लाहरबेड़ा निवासी के रूप में हुई है. दुर्घटना में मौत की पुष्टि सभी ने की है पर किस स्थान पर दुर्घटना हुई और कैसे क्यों हुई, ये परिजन व पुलिस अभी तक संशय में है. जख्मी कोका को ट्रैक्टर से चास मुफस्सिल के विक्रम दावा लाया गया. वहां से एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. ऐसे में सिटी पुलिस ने परिजनों का फर्द बयान दर्ज किया, जिसमें कहा गया कि कोका की मौत चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेलमोच्चो में अज्ञात वाहन के चपेट में आने से हो गई.

चास मुफस्सिल पुलिस को घटना की जानकारी नहीं
मामले को लेकर थानेदार सब इंस्पेक्टर प्रकाश मंडल ने कहा कि उनके क्षेत्र में कोई दुर्घटना नहीं हुई है. मामला सामने आने के बाद प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आई है, कि भतुआ की ओर से सेक्टर 11 होते हुए एक ट्रेक्टर से जख्मी काको को विक्रम ढाबा लाया गया था, जहां से एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल ले जाया गया. दबी जुबान में बताया जा रहा है कि कोका अवैध बालू खनन व परिवहन का शिकार हो गया. अवैध कारोबार की करतूत को दबाने के लिए इस गरीब के मौत पर भी सभी ने मौन धारण कर लिया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड से राज्यसभा जाएंगे प्रणव झा, लंबे समय से संगठन में सक्रिय
