Ranchi: झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन (झामुमो, कांग्रेस) के बीच आपसी रणनीति पर सस्पेंस बरकरार है. चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है. इस बीच इंडिया गठबंधन के प्रमुख सहयोगी राजद ( वर्तमान में राज्य में 04 विधायक है) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव को लेकर राजद प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को विधायक दल की बैठक हुई. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, विधायक दल नेता सुरेश पासवान, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और विश्रामपुर विधायक राम नरेश सिंह उपस्थित थे.

राज्य में संगठन को मजबूत करने का चलाया जाएगा अभियान
इस दौरान राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ-साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने कहा, कि पार्टी आलाकमान के निर्देशानुसार राज्य में संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जाएगा. वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे एक सवाल पर उन्होंने कहा, कि राजद इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन कांग्रेस और झामुमो ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अब तक हमसे कोई संपर्क नहीं किया है.
अगले महीने से अलग-अलग जिलों का दौरा शुरू करेंगे विधायक
विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने बताया, कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद प्रसाद और तेजस्वी यादव के निर्देश पर अगले महीने से सभी चारों विधायक अलग-अलग जिलों का दौरा शुरू करेंगे. राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी तक आलाकमान से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है. वहीं, मंत्री संजय प्रसाद यादव ने भी कहा कि राज्यसभा चुनाव पर अभी तक राष्ट्रीय नेतृत्व से कोई चर्चा या निर्देश नहीं आया है. जैसा आदेश मिलेगा उसका पालन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: कल पलामू दौरे पर रहेंगी DGP तदाशा मिश्रा, कानून-व्यवस्था की करेंगी समीक्षा
