Jamtara : झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के आलोक में नारायणपुर प्रखंड की बांकुडीह और मंझलाडीह पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आवास प्लस 2024 हाउसहोल्ड सर्वे के अंतर्गत अपात्र परिवारों के नाम हटाने के बाद तैयार हुई ड्राफ्ट स्थायी प्रतीक्षा सूची की समीक्षा करना और उसे अंतिम रूप देना था।. ग्राम सभा में दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्वयंसेवक शामिल हुए.

योग्य परिवारों को लाभ दिलाने के लिए ग्राम सभा में हुआ सर्वसम्मत निर्णय
बैठक के दौरान सरकार के संयुक्त सचिव जितेंद्र कुमार देव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया. जनप्रतिनिधियों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार 10 जून 2026 तक इस पूरी प्रक्रिया को हर हाल में ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट कर देना है. ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसी भी जरूरतमंद और योग्य परिवार का नाम इस सूची से नहीं छूटना चाहिए, जबकि संपन्न या अपात्र लोगों के नाम नियमों के तहत हटा दिए जाने चाहिए. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ और हस्ताक्षरित प्रस्ताव को आवाससॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड करने की तैयारी की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्य रूप से मंझलाडीह पंचायत के मुखिया मनोरथ मरांडी, बाकुडीह पंचायत की मुखिया छुवि मरांडी और उपमुखिया प्रतिनिधि लाल मोहम्मद , स्वयंसेवक कांचन मंडल, संतोष दे और दुलाल पंडित सहित कई अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई.
Also Read : रेशम से रोजगार की राह : पीजी डिप्लोमा कोर्स के लिये 19 जून तक करें आवेदन, 22 को इंटरव्यू
