Ranchi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दूसरे दिन राज्य की सियासत में बड़ी संगठनात्मक हलचल देखने को मिली. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक बेहद महत्वपूर्ण और मैराथन बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को जमीनी स्तर पर अभेद्य बनाने के लिए ‘मिशन 2029’ का बिगुल फूंक दिया. इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सोशल मीडिया, आईटी सेल और मीडिया प्रभारियों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान टीम का गठन 2029 के दूरगामी लक्ष्यों को ध्यान में रखकर किया गया है, और यही टीम आगामी चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करेगी. अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकते हुए कहा कि अतीत की कमियों से सीख लेकर अब नए उत्साह, नए तेवर और नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने का समय आ चुका है.

यह भी पढ़ें: धर्मांतरण पर IRS अधिकारी निशा उरांव बोलीं- आदिवासी पहचान बचाने को फिर होगा ‘जनी शिकार’
बूथ स्तर पर 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की टोली का लक्ष्य
नितिन नवीन ने संगठन की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा आज 14 करोड़ सदस्यों और 12 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है. उन्होंने निर्देश दिया कि संगठन को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक नियमित मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जानी चाहिए, ताकि निचले स्तर के कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बना रहे. कहा कि व्यक्ति नहीं, बल्कि पार्टी सर्वोपरि होनी चाहिए. वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही संगठन को अजेय बनाया जा सकता है.
ये दिए प्रमुख संगठनात्मक निर्देश
• शक्तिकेंद्रों पर दैनिक रिपोर्टिंग: शक्तिकेंद्रों की बैठकों में बूथ स्तर की कमियों पर खुलकर चर्चा हो और उनका समाधान निकाला जाए.
• मंडलों का गठन: सभी मोर्चों का गठन मंडल स्तर तक जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए.
• सक्रिय कार्यकर्ताओं का लक्ष्य: प्रत्येक मंडल में कम से कम 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक मजबूत टीम तैयार की जाए.
• पुराने कार्यकर्ताओं की घर-वापसी: जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे तीन कार्यकाल से जुड़े रहे पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उन्हें पुनः सक्रिय करें.
एसआइआर अभियान पर गंभीरता और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर ) अभियान को लेकर सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक एसआइआर के कार्यों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए और शक्तिकेंद्र स्तर तक बैठक कर इसकी दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए. इसके अतिरिक्त, संगठन विस्तार के लिए ‘प्रवास’ को सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तक सभी पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करने तथा प्रत्येक तीन माह में उसकी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही, उन्होंने प्रत्येक जिले में 500 प्रमुख प्रबुद्ध नागरिकों की सूची तैयार कर उनके साथ निरंतर संवाद एवं सम्मेलन आयोजित करने का भी आह्वान किया.
झारखंड भाजपा का गढ़ था, है और रहेगा
पिछले चुनावों के परिणामों पर बात करते हुए नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने झूठे वादों से जनता को गुमराह किया, जिसके कारण अपेक्षित सफलता भले ही नहीं मिली हो, परंतु आज भी जनता के दिलों में इंडी गठबंधन से अधिक प्यार भाजपा के लिए है. उन्होंने साफ कहा, हम जनता का भरोसा पूरी तरह नहीं जीत पाए, जिसके लिए हम सभी जिम्मेदार हैं. परंतु अब निराशा के वातावरण को आशा में बदलने का समय है. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को याद दिलाते हुए कहा कि यह सपना तभी साकार होगा जब बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होगा.
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा संगठन में फूंकेगा नई ऊर्जाः आदित्य साहू
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सांगठनिक सफर की सराहना करते हुए कहा कि नितिन नवीन इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि भाजपा में ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा से कार्य करने वाले एक सामान्य कार्यकर्ता को भी संगठन सर्वोच्च सम्मान देता है. आदित्य साहू ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष का व्यक्तित्व अत्यंत सरल और सहज है. उनके व्यवहार से यह महसूस ही नहीं होता कि वे देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष हैं. उनका यह दौरा झारखंड भाजपा को नई दिशा, नई ऊर्जा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एक नया संबल प्रदान करेगा.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा का रण: परिमल नथवानी ठोकेंगे ताल, बीजेपी देगी समर्थन, बुलाई गई विधायकों की आपात बैठक
भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार के खिलाफ आंदोलन करें कार्यकर्ता
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में सूबे की जेएमएम-कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जो पार्टियां जल, जंगल और जमीन के नाम पर राजनीति कर सत्ता में आईं, आज उनके राज में जमीन माफिया, भ्रष्टाचारी और अपराधी हावी हैं. राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है.
मरांडी ने कार्यकर्ताओं से ये किया आह्वान
• पार्टी के तय कार्यक्रमों के अलावा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर भी आंदोलन करें.
• जनता की मूलभूत असुविधाओं के खिलाफ आवाज उठाकर उनके हक के लिए संघर्ष करें.
• जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतें, जिससे अधिक से अधिक लोग भाजपा की विचारधारा से जुड़ें.
संगठनात्मक ढांचे का प्रतिवेदन
बैठक के दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष झारखंड भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण अभियान और आगामी कार्यक्रमों का एक विस्तृत प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी ने किया. इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सरोज सिंह, शैलेन्द्र सिंह, सुनिता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव, शालिनी बैसखियार, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदीप सिन्हा सहित सभी जिलों के अध्यक्ष और जिला प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
