Charkardharpur: बंदगांव प्रखंड के कराईकेला पंचायत अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में युवाओं के प्रयास से आयोजित GPL क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य समापन उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ. गोपालपुर स्कूल मैदान में आयोजित एक दिवसीय नाइट एंड डे क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 40 टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
फाइनल मुकाबले में रोमांचक जीत
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में 9 स्टार क्रिकेट क्लब, कराईकेला ने छोटा पैकेट बड़ा धमाका, गोपालपुर को महज एक रन से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
वहीं प्रतियोगिता में:
- नाइट राइडर, कराईकेला ने तीसरा स्थान
- जय जगन्नाथ, सिरकटांड ने चौथा स्थान
- पुष्पा इलेवन, गोपालपुर पाया ने पांचवां स्थान प्राप्त किया.
अतिथियों ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि डॉ. विजय सिंह गागराई तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता सह पंचायत समिति सदस्य तीरथ जामुदा उपस्थित रहे. अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
खेल से बढ़ती है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता
इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है. ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं. वहीं तीरथ जामुदा ने कहा कि खेलकूद युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और सौहार्द को भी मजबूत करता है.
आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में ग्रामीण मुंडा सिद्धनाथ प्रधान, केदारनाथ प्रधान, गौरांगो प्रधान, लखींद्र प्रधान, जोगेश्वर प्रधान, पीताम्बर प्रधान, जितेंद्र प्रधान, बनमाली प्रधान, गंगाधर प्रधान, बबलु प्रामाणिक, गोपबंधु प्रधान एवं प्रदीप प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम प्रधान ने किया.
युवाओं को खेलों से जोड़ने का उद्देश्य
आयोजन समिति ने विजेता, उपविजेता सहित सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराना है. प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.


