Bokaro: आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बोकारो में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता आजसू प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने की. बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई.
शहीदों के सपनों का झारखंड अब तक नहीं बना : सुदेश महतो
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि आजसू के संघर्ष और बलिदान के कारण झारखंड राज्य का निर्माण हुआ, लेकिन आज भी शहीदों के सपनों का झारखंड नहीं बन सका है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में माफिया राज, शोषण और लूट का माहौल है तथा जनहित के मुद्दों को उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 22 जून को धनबाद में आयोजित होने वाले आजसू के 40वें स्थापना दिवस समारोह से एक नए जनआंदोलन और उलगुलान की शुरुआत की जाएगी. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसरोकार के मुद्दों को धार देने और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया. केंद्रीय समिति ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और सरकार के कामकाज की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए.

प्रमुख निर्णय
- 22 जून को धनबाद में आजसू पार्टी का 40वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित होगा.
- 5 जुलाई को रांची में महिला महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा.
- 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा आजसू का महाधिवेशन होगा.
- बूथ, पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की रणनीति बनाई गई.
- धनबाद की हालिया घटना पर चर्चा करते हुए संघर्ष को और तेज करने का निर्णय लिया गया.
बैठक को सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी संबोधित किया.
Read Also: सहायक आचार्यों को जल्द मिलेगा वेतन, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश
सैकड़ों लोगों ने थामा आजसू का दामन
बैठक के दौरान चंदनकियारी के युवा नेता विकास बाउरी, समाजसेवी पंकज सिंह, भारतीय रजवार विकास संघ के धर्मदेव रजवार तथा पूर्व कार्यपालक अभियंता सुरजन कपरदार ने सुदेश महतो के समक्ष आजसू की सदस्यता ग्रहण की. इनके नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने भी पार्टी का दामन थामा.
बड़ी संख्या में नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, हरेलाल महतो, यशोदा देवी, निर्मला भगत, काशीनाथ सिंह, संजय मेहता, जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव बबिता देवी, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, राजेश महतो, अश्विनी महतो, प्रो. अल्लाउद्दीन अंसारी, दुर्गाचरण महतो, ध्रुव साह, नवीन महतो, टिकैत महतो, सुशेन रजवार, सूरज महतो, डॉ. के. पी. सिन्हा, कृष्ण प्रसाद महतो और गोविंद प्रसाद सहित केंद्रीय समिति के सदस्य, जिलाध्यक्ष, अनुषंगी संगठनों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
