– राज्यसभा चुनाव: नामांकन प्रक्रिया पूरी, गठबंधन की एकजुटता पर जोर
Ranchi : राज्य में एक तरफ राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की संभावना की चर्चा में है तो दूसरी तरफ सभी 81 विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चल रही है. ऐसे में इंडिया गठबंधन के अधिकांश विधायक चाहते है कि वे अपने – अपने क्षेत्रों को छोड़कर अभी बाहर नहीं जाए। विधायकों का कहना है कि चलते एसआईआर के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों से लंबे समय तक दूर रहना उचित नहीं होगा. क्षेत्रीय स्तर पर चल रही गतिविधियों और जनसंपर्क को देखते हुए विधायकों की स्थानीय उपस्थिति आवश्यक है. बता दें कि अन्य राज्यों में हुए एसआईआर को लेकर कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के तमाम सहयोगी दल भाजपा पर गड़बड़ी के आरोप लगाते रहे हैं. ऐसे में अब राज्य सभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की संभावना को देखते हुए रिज़ॉर्ट पॉलिटिक्स पर विराम लगता दिख रहा है.

राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई:
बता दें कि राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई. भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन दाखिल करने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं भी होने लगी. इसमें एक चर्चा यह रही कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक इंडिया गठबंधन के विधायकों को राज्य से बाहर ले जाया जा सकता है, हालांकि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा के अंदर गठबंधन विधायकों की हुई अनौपचारिक बैठकों में अधिकांश नेताओं ने इस संभावना को व्यावहारिक नहीं माना.
विधायक दल की बैठक भी आयोजित की गई:
इधर, नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सदन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आयोजित की गई. बैठक में कांग्रेस प्रभारी के. राजू, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित पार्टी के विधायक मौजूद रहे. बैठक में चुनावी रणनीति और गठबंधन की एकजुटता पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इंडिया गठबंधन के 56 विधायकों के नेता हैं और गठबंधन को एकजुट बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके कंधों पर है. नेताओं ने विश्वास जताया कि सभी विधायक एकजुट रहेंगे और गठबंधन के दोनों राज्यसभा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करेंगे.
