Hazaribagh: जिले के केरेडारी प्रखंड स्थित पगार ओपी क्षेत्र के अंतर्गत चन्द्रगुप्त कोल परियोजना में सोमवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की. घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल व्याप्त है,हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.जानकारी के अनुसार, सोमवार रात बाइक पर सवार हथियारबंद अपराधी चन्द्रगुप्त कोल परियोजना के जोरदाग स्थित कोल स्टॉक यार्ड के समीप पहुंचे. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान चलाई गई एक गोली परियोजना क्षेत्र में संचालित एक वाहन के गेट में जा लगी.
फायरिंग से परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई:
घटना में किसी कर्मी को चोट नहीं आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग से परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद कर्मियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पगार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है. इस घटना के बाद कोल परियोजना में कार्यरत कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि परियोजना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों से कर्मचारियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. वहीं पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

