डीसी ने मेदिनीनगर नगर निगम समेत विभिन्न शहरी निकायों के कार्यों की समीक्षा की

Palamu: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न नगर पंचायत, नगर परिषद और मेदिनीनगर नगर निगम द्वारा...

Palamu: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न नगर पंचायत, नगर परिषद और मेदिनीनगर नगर निगम द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न योजनाओं की अद्यतन जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इस दौरान उपायुक्त ने सर्वप्रथम पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की. मेदिनीनगर नगर निगम की समीक्षा के दौरान उन्होंने जुडको द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.

जलापूर्ति योजनाओं और शहरी आवास परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में वाटर सप्लाई और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई. वहीं अघोर आश्रम में बन रहे शहरी आवास योजना के फ्लैट्स के सभी तकनीकी पहलुओं का समाधान कर 15 दिनों के भीतर गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों से स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही वार्ड संख्या 23 में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम की प्रगति की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि कार्यादेश जारी होने के बाद निर्माण कार्य प्रगति पर है.

सफाई, टैक्स वसूली और आधारभूत सुविधाओं पर दिया गया जोर

इसी प्रकार छतरपुर, हुसैनाबाद और हरिहरगंज नगर पंचायतों में संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई. इस दौरान अर्बन वाटर सप्लाई, बस एवं ऑटो स्टैंड निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन एवं मरम्मत, साफ-सफाई व्यवस्था, होल्डिंग टैक्स और प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, एफएसटीपी, सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट तथा पार्क निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सहायक नगर आयुक्त, सभी संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी तथा अर्बन लोकल बॉडी से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

ALSO READ: पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को झारखंड हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *