Ranchi : राज्यसभा चुनाव को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा विधानसभा परिसर के आस-पास देखने को मिल रहा है. परिमल नाथवानी का नामांकन होल्ड पर रखने के बाद दोनों पार्टियों की तरफ से हंगामा किया जा रहा है. बीजेपी के कार्यकर्ता को विधानसभा के गेट नंबर 2 के पास रोक दिया गया है. वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं. बीजेपी के कार्यकर्ताओं का कहना हैं कि जिस तरह से कांग्रेस के लोग अंदर धरना दे रहे है, उन्हें भी अंदर जाने की इजाजत दी जाए. या तो कांग्रेस के लोगों को बाहर निकाला जाए.

परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग
झारखंड विधानसभा के बाहर आज (बुधवार) सियासी पारा उस समय अचानक चढ़ गया, जब कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. कांग्रेस नेताओं की मांग है कि निर्दलीय (और बीजेपी के समर्थित) दिग्गज उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन तुरंत रद्द किया जाए. यह सियासी घमासान उस समय और तेज़ हो गया जब नामांकन पत्रों की जांच के दौरान परिमल नथवाणी के दस्तावेजों में एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई.

