बोकारो: SIR के लिए 249 पंचायतों में स्थापित होंगे मतदाता सहायता केंद्र

Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR)...

Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं महत्व की जानकारी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को दी. उन्होंने ने स्पष्ट किया कि जिले में कोई भी मतदाता “फर्जी मतदाता” नहीं है. वर्तमान में एसआईआर के तहत मतदाताओं की मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है.

उदाहरण देकर समझाई SIR की प्रक्रिया और उद्देश्य

डीईओ सह डीसी ने उदाहरणों के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया एवं उद्देश्य को सरल तरीके से समझाया. उन्होंने बताया कि यह अभियान किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए संचालित किया जा रहा है. अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे तथा कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं हो. साथ ही, निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाया जाएगा.

यह भी पढ़ें: सरायकेला: DC ने ईचागढ़ प्रखंड का किया औचक निरीक्षण, योजनाओं को प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप होगा मतदाता सत्यापन

डीईओ सह डीसी ने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-326 के अनुसार प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक हो तथा जो किसी विधिक प्रावधान के तहत अयोग्य घोषित न हो, मतदाता सूची में पंजीकरण का अधिकार रखता है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों का नाम दर्ज हो, यह सुनिश्चित करना संवैधानिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल नहीं हों. इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक जांच एवं सत्यापन किया जाएगा.

सभी प्रपत्रों का होगा बहुस्तरीय सत्यापन

डीईओ सह डीसी ने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रपत्रों को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा डिजिटाइज्ड किया जाएगा. जिसका पर्यवेक्षकों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा. साथ ही, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) द्वारा 50 चयनित प्रपत्रों* का सत्यापन करेंगे.

249 पंचायतों में स्थापित होंगे मतदाता सहायता केंद्र

डीईओ सह डीसी ने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले की सभी 249 पंचायतों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इन केंद्रों पर कलर प्रिंटिंग मशीन उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाता आवश्यक फोटो एवं दस्तावेज तत्काल प्रिंट कर प्रपत्रों के साथ संलग्न कर सकेंगे. वहीं, मतदाता जागरूकता को लेकर सभी प्रखंडों के लिए मतदाता जागरूकता रथ भी रवाना किया जाएगा.

सप्ताहांत में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे बीएलओ

उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं की सहायता के लिए उपस्थित रहेंगे. साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को भी मतदान केंद्रों पर उपस्थित रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सहभागिता के साथ संपन्न हो सके.

यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

जिले में 72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण

डीईओ सह डीसी ने बताया कि अब तक तक जिले के कुल 15,34,886 मतदाताओं में से 11,11,915 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जबकि 4,22,971 मतदाताओं की मैपिंग शेष है. इस प्रकार जिले में अब तक 72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है.

गोमिया और चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र मैपिंग में आगे

विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 87.01 प्रतिशत तथा चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में 86.86 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है. वहीं बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 76.17 प्रतिशत तथा बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 55.65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है.

2.07 लाख से अधिक मामलों में चिन्हित हुई विसंगतियां

डीईओ सह डीसी ने बताया कि मैपिंग के दौरान जिले में 2,07,619 मतदाताओं के मामलों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां (एनोमली) चिन्हित हुई हैं. इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन एवं निराकरण किया जाएगा.

एसआईआर-2026 की महत्वपूर्ण तिथियां

मौके पर डीईओ सह डीसी ने एसआईआर-2026 की महत्वपूर्ण तिथियां से सभी को अवगत कराया.

– 20 जून से 29 जून 2026 : तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य.

– 30 जून से 29 जुलाई 2026 : बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण.

– 29 जुलाई 2026 तक : मतदान केंद्रों का पुनर्गठन.

– 05 अगस्त 2026 : प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन.

– 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक : दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि.

– 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक : नोटिस निर्गत करने एवं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया.

– 07 अक्टूबर 2026 : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन.

डीईओ सह डीसी ने सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय एवं त्रुटि रहित बनाया जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *