Palamu: आगामी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर 76-डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर रविवार, 14 जून 2026 को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा. यह कैंप मतदान केंद्र स्तर पर लगाया जाएगा, जहां वर्तमान मतदाता सूची का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग कार्य किया जा रहा है.
निर्धारित समय सीमा में पूरा होगा कार्य
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मेदिनीनगर सुलोचना मीणा के निर्देशानुसार इस कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है. इसी उद्देश्य से सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया है.
छूटे हुए मतदाताओं की होगी पहचान
कैंप के दौरान मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा तथा ऐसे योग्य मतदाताओं की पहचान की जाएगी जिनका नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है. बीएलओ मतदाताओं से संबंधित जानकारी का मिलान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे.
मतदाताओं से सहयोग की अपील
सदर एसडीएम सुलोचना मीणा ने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 14 जून को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी का सत्यापन कराएं. साथ ही यदि किसी योग्य मतदाता का नाम सूची में छूटा हो तो उसकी जानकारी उपलब्ध कराकर उसे मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें.



