Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद चुनाव आयोग ने बुधवार को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) जारी कर दी. संशोधित सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. नई सूची के अनुसार राज्य में मतदाताओं की संख्या घटकर 2,21,01,249 रह गई है, जबकि पहले यह 2,64,63,236 थी. यानी पुनरीक्षण के दौरान 43,61,987 नाम सूची से बाहर किए गए हैं.
ASDD श्रेणी में पाए गए मतदाता हटाए गए
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि हटाए गए नामों में ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनकी पहचान ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी में हुई.

इनमें शामिल हैं:

4,38,596 डुप्लीकेट मतदाता
7,63,903 मृत मतदाता
14,50,810 ऐसे मतदाता जो दर्ज पते पर नहीं मिले
1,16,484 विदेशी या अन्य श्रेणी के नाम
4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रपत्र भरकर नाम जोड़ने या सुधार कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है.
युवा मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था
आयोग ने बताया कि 1 अक्टूबर 2024 से 1 अक्टूबर 2026 के बीच 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवा फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए राज्य के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है.
मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ी
पुनरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी किया गया है. राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 29,571 से बढ़कर 31,892 हो गई है, जबकि 68 केंद्रों का विलय किया गया है. कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं.
हटिया विधानसभा में सबसे अधिक नए केंद्र
निर्वाचन आयोग के अनुसार पुनर्गठन का उद्देश्य एक ही परिवार के मतदाताओं को संभव हो तो एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना है. सबसे अधिक 82 नए मतदान केंद्र हटिया विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं, जहां मतदान केंद्रों की संख्या 496 से बढ़कर 578 हो गई है.
ALSO READ: विधानसभा सत्र से पहले छात्रों का शक्ति प्रदर्शन, 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

