FIFA WORLD CUP: मोरक्को ने दिखाया दम, ब्राजील को 1-1 पर रोका, कतर ने स्विटजरलैंड को दिया झटका, मैच ड्रॉ

FIFA WORLD CUP: पांच बार की विजेता ब्राजील ने विश्वकप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ से की....

FIFA WORLD CUP: पांच बार की विजेता ब्राजील ने विश्वकप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ से की. न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मोरक्को ने अपने शानदार खेल से लोगों का ध्यान खींचा. दोनों टीमों ने 1-1 से ड्रॉ खेला. मुकाबले की शुरुआत से ही मोरक्को ने दिखा दिया कि वह केवल भाग लेने नहीं बल्कि चुनौती देने आया है. 21वें मिनट में इस्माइल साइबारी ने तेज जवाबी हमले को शानदार तरीके से गोल में बदलकर मोरक्को को बढ़त दिला दी. साइबारी ने ब्राजील के गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से गेंद चिप करते हुए शानदार फिनिश किया. हालांकि मोरक्को की बढ़त अधिक देर तक कायम नहीं रह सकी. 32वें मिनट में ब्राजील के स्टार विंगर विनीसियस जूनियर ने अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बराबरी का गोल दाग दिया. उन्होंने अपने मार्कर को छकाने के बाद बॉक्स के अंदर से शानदार शॉट लगाया जो सीधे गोलपोस्ट की छत में जाकर लगा। इस गोल ने ब्राजील को मुकाबले में वापस ला दिया.

यह भी पढ़ें: झारखंड में मानसून की दस्तक: अगले 5 दिनों में पूरे राज्य को भिगोने की तैयारी, वज्रपात और आंधी का अलर्ट

दूसरे हाफ में मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा

दूसरे हाफ में मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा. ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने पीले कार्ड के खतरे को देखते हुए फैबिन्हो और डेनिलो को मैदान पर उतारा. दूसरी ओर मोरक्को ने 19 वर्षीय समीर एल मौराबेट को मौका दिया. युवा खिलाड़ी ने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन किया. ब्राजील ने अंतिम मिनटों में जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया. राफिन्हा ने भी एक बेहतरीन मौका बनाया लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बुनू दीवार बनकर खड़े रहे. मोरक्को के गोलकीपर यासीन बुनू ने कई महत्वपूर्ण बचाव किए. अंतिम क्षणों में उन्होंने लगातार दो शानदार सेव कर ब्राजील को जीत से वंचित कर दिया. ड्रॉ के बाद ग्रुप-सी में ब्राजील और मोरक्को दोनों ने एक-एक अंक अर्जित किया. यह नतीजा ब्राजील के लिए किसी झटके से कम नहीं माना जा रहा क्योंकि उसे टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.

कतर ने स्विटजरलैंड को चौंकाया

ग्रुप मुकाबले में स्विटजरलैंड और कतर के बीच भी बेहद दिलचस्प संघर्ष देखने को मिला. स्विस टीम पूरे मैच में बेहतर नजर आई और अधिकांश समय तक जीत की ओर बढ़ रही थी. हालांकि मैच के अंतिम चरण में कतर के कप्तान बुआलेम खुखी ने गोल कर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया. इस गोल ने स्विटजरलैंड से दो महत्वपूर्ण अंक छीन लिए. विश्वकप इतिहास में यह कतर के लिए बेहद खास क्षण साबित हुआ. 2022 में मेजबान रहने के बाद दूसरी बार विश्वकप खेल रही कतर की टीम ने विश्वकप में अपना पहला अंक हासिल किया. मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के कारण कतर की तैयारियां भी प्रभावित हुई थीं और उसके दो अभ्यास मैच रद्द हो गए थे. इसके बावजूद टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाया.

यह भी पढ़ें: सरायकेला : PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर चादरपोशी कर मांगी सुख समृद्धि की दुआ

स्विटजरलैंड को लगा झटका

स्विटजरलैंड लगातार चौथी बार नॉकआउट चरण में पहुंचने का सपना देख रहा है. लेकिन कतर के खिलाफ दबदबे के बावजूद जीत हासिल नहीं कर पाना टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है. कोच मूरत याकिन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि टीम मौके बनाने के साथ-साथ उन्हें गोल में भी बदल सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *