Report: Sanjay Singh
Pakur: पाकुड़ जिले के आमडापाड़ा स्थित पचवारा कोल ब्लॉक से जुड़े विस्थापितों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को डीसी से मुलाकात कर विस्थापन और पुनर्वास से जुड़े मामलों में समिति की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की. इस दौरान पचवारा सेंट्रल कोल ब्लॉक की ग्राम सुरक्षा विस्थापित कार्य समिति तथा पचवारा नॉर्थ कोल ब्लॉक की अनुश्रवण एवं नियंत्रण कार्य समिति के सदस्यों ने कहा, कि कोल प्रबंधन और प्रशासन के बीच होने वाली किसी भी वार्ता में समिति की उपस्थिति अनिवार्य की जाए, ताकि विस्थापितों की बात प्रभावी ढंग से रखी जा सके.
डीसी ने मांगों पर सुनवाई का दिया आश्वासन
समिति के प्रतिनिधियों ने डीसी को बताया कि परियोजना क्षेत्र से जुड़े विस्थापन, पुनर्वास, रोजगार और अन्य समस्याओं पर चर्चा के दौरान स्थानीय समितियों को शामिल किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रभावित लोगों की वास्तविक समस्याओं और मांगों को समिति बेहतर तरीके से प्रशासन और कोल प्रबंधन के समक्ष रख सकती है. डीसी ने समिति की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उनकी बातों पर उचित विचार किया जाएगा और मांगों पर सुनवाई होगी.
समितियां के माध्यम से ही वार्ता कर समाधान निकालने की मांग
समिति के अध्यक्ष और सचिव ने आरोप लगाया कि विस्थापित क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों को बाहरी लोग बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है. उन्होंने मांग की है, कि परियोजना क्षेत्र से जुड़ी सभी समस्याओं और मांगों पर दोनों कोल ब्लॉकों में गठित समितियां के माध्यम से ही वार्ता कर समाधान निकाला जाए. समिति का कहना है कि इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और प्रभावित परिवारों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: खेल गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया



