Ranchi: झारखंड के तीन प्रतिष्ठित लोक कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सोमवार देर रात बुंडू प्रखंड के ताऊ गांव पहुंचकर पंचपरगना क्षेत्र की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार बूटन देवी का अभिनंदन किया. इस दौरान उन्हें मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कला योगदान का सम्मान किया गया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और लोक संस्कृति की झलक के बीच हुए स्वागत समारोह से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला.
झारखंड के लिए गर्व और सम्मान की बात है: संजय सेठ
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि पंचपरगना क्षेत्र की एक लोक कलाकार का संगीत नाटक अकादमी सम्मान के लिए चयन होना पूरे झारखंड के लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि बूटन देवी ने लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया है. उनके योगदान को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा.
उन्होंने कहा कि संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार कला जगत का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है और हर कलाकार का सपना होता है कि उसे यह सम्मान प्राप्त हो. बूटन देवी का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी है. 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संजय सेठ ने कहा कि इन वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं. उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में कला और संस्कृति की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी तथा बूटन देवी जैसी कलाकार नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करेंगी.
इस अवसर पर सिल्ली स्थित सिंगपुर नर्सिंग होम के चिकित्सक डॉ. रमनेश कुमार को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. मंत्री ने बताया कि वे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के घर-घर जाकर सम्मान कर रहे हैं. चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है.
राज्य सरकार पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने राहे स्थित आवासीय बालिका विद्यालय को स्वच्छता एवं हरियाली के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर बधाई दी. साथ ही विद्यालय तक सड़क सुविधा नहीं होने पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित विद्यालय तक आज भी बेहतर सड़क उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है. देर रात तक चले इस सम्मान समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. बूटन देवी के चयन पर पूरे पंचपरगना क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल देखने को मिला.
ALSO READ: चक्रधरपुर से मिशन फिट झारखंड साइकिल रैली का शुभारंभ, स्वास्थ्य और नशामुक्ति का दिया संदेश



