Chaibasa: सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी में बुधवार को कार के अंदर दम घुटने से 5 वर्षीय इशानी गोप की मौत हो गई. एलकेजी की छात्रा इशानी स्कूल से लौटते समय सहेलियों के साथ खेलते-खेलते सड़क किनारे खड़ी एक खराब कार में घुस गई और अंदर ही बंद हो गई. भीषण गर्मी के कारण बंद कार में उसका दम घुट गया.
मामले की जांच करने की मांग
दोपहर से लापता बच्ची के परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. शाम करीब 5 बजे उनकी नजर उसी कार पर पड़ी, जहां इशानी अचेत अवस्था में मिली. उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है. परिजनों ने मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है, कि खराब पड़ी गाड़ी का दरवाजा कैसे खुला और बच्ची उसमें कैसे बंद हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



