Jamtara: जिले के सभी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति एवं बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा को लेकर बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई. बैठक में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई.
तीनों विद्यालयों के परिणाम पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के तीनों मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय गर्ल्स तथा कस्तूरबा गांधी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय के परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे. इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से इसके कारणों की जानकारी ली.
विद्यालयों की स्थिति और शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा
उपायुक्त ने विद्यालयों की वर्तमान स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, नामांकित विद्यार्थियों की संख्या तथा प्रवेश प्रक्रिया समेत विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. उन्होंने सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में तत्काल सुधार लाने, पठन-पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
बेहतर परिणाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है. ऐसे में आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं.
विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति पर जोर
बैठक में विषयवार योग्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने पर भी जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.



