Ranchi: झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्षी खेमे में क्रॉस वोटिंग को लेकर उठे सवालों के बीच भाकपा (माले) लिबरेशन ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है. पार्टी ने दावा किया है कि उसके दोनों विधायकों ने इंडिया गठबंधन के साझा निर्णय के अनुरूप कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी बयान में कहा, कि राज्यसभा चुनाव को लेकर फैल रही अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा कि माले के दोनों विधायकों ने पहले से तय रणनीति के अनुसार ही अपना वोट डाला और गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन किया.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधायकों के मतदान की पुष्टि
दीपांकर ने बताया कि मतदान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं हलधर महतो और गीता मंडल की मौजूदगी में विधायकों अरूप चटर्जी और चंद्रदेव महतो के मतदान की पुष्टि की गई. उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ यह स्पष्ट कर रही है, कि उसके विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया है.
दरअसल, राज्यसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस खेमे की ओर से क्रॉस वोटिंग की आशंका जताई गई थी. इसी बीच माले के बयान को उन आरोपों पर सीधे जवाब के रूप में देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: जिले में मोबाइल कनेक्टिविटी सुदृढ़ीकरण को लेकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक



