Bokaro: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे (दपू) ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने आद्रा मंडल समेत सभी डिवीजनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
महाप्रबंधक ने परीक्षा के मद्देनजर ट्रेनों के समय पर परिचालन सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर स्पेशल ट्रेनों की योजना तैयार करने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी मंडल रेल प्रबंधकों (DRM) को परीक्षा केंद्रों की सूची का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण कर उसके अनुरूप ट्रेनों के रेक पूरी तरह तैयार और फिट रखने को कहा गया है.
स्टेशनों पर बनेंगे हेल्प बूथ
रेलवे ने परीक्षा केंद्र वाले शहरों और कस्बों के प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प बूथ स्थापित करने का निर्देश दिया है. इन बूथों पर तैनात कर्मचारी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और लौटने में सहायता करेंगे. इसके अलावा हेल्प बूथों पर परीक्षा केंद्रों की सूची उपलब्ध रहेगी. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और स्काउट्स एंड गाइड्स की भी तैनाती की जाएगी. परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम के समय संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है.
यातायात और सुरक्षा पर विशेष नजर
महाप्रबंधक ने व्यस्त लेवल क्रॉसिंग (LC) गेटों की निगरानी बढ़ाने और वहां भी RPF कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि परीक्षा के दिन यातायात सुचारू बना रहे. सभी डिवीजनों को स्टेशनों और ट्रेनों में पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पंखों की उपलब्धता और सही समय पर घोषणाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही संबंधित राज्य सरकारों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है.
महाप्रबंधक ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए OHE (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन में किसी भी खराबी से निपटने के लिए परीक्षा से एक दिन पहले टावर वैगन और तकनीकी स्टाफ को तैयार रखने का निर्देश दिया है. इसके अलावा सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) प्रणाली में किसी भी प्रकार की खराबी या केबल कटने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.



