Click Here
Click Here

बोकारो थर्मल में कोयला लदा 14 चक्का ट्रक पलटा, खलासी की मौत, ड्राइवर इलाज के दौरान अस्पताल से फरार

Bokaro: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के बाजार टांड में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. खासमहाल...

Bokaro: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के बाजार टांड में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. खासमहाल से कोयला स्लैरी लादकर उत्तर प्रदेश के बनारस जा रहा 14 चक्का ट्रक (यूपी 53 जीटी 0035) अनियंत्रित होकर पलट गया. दुर्घटना में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में मृत खलासी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 28 वर्षीय अबू सुफेयान (पिता- अब्दुल वफा) के रूप में हुई है. वहीं घायल चालक का नाम गिरजेश कुमार दुबे बताया गया है. दुर्घटना के बाद चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान वह वहां से फरार हो गया.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक तेज गति में था. इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क किनारे स्थित कई दुकानों और मकानों को अपनी चपेट में लेता चला गया. हादसे में गणेश साहु के करीब 14 हजार ईंट, गैराज और मकान को भारी नुकसान पहुंचा. मकान की लगभग 10 फीट लंबी दीवार गिर गई तथा कोयला घर के भीतर घुस गया. इसके अलावा मोहन महतो की स्टील फर्नीचर दुकान, प्रमोद के घर का बाहरी कमरा और प्रदीप की चाय दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई.

add1

पिकअप वैन और बिजली व्यवस्था प्रभावित

घटनास्थल पर खड़ी अनुपम साव की पिकअप वैन भी दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं डीवीसी के ऐश पौंड तक जाने वाली बिजली आपूर्ति के दो पोल और बंच केबल टूटकर गिर गए, जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति और पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतिश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को मलबे से निकालकर डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल से फरार हुआ चालक

प्राथमिक उपचार के बाद चालक गिरजेश कुमार दुबे अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस ने मृतक खलासी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. दुर्घटनास्थल पर बिखरे कोयले और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए डीवीसी से हाईवा मंगाया गया. देर रात से सड़क साफ कराने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने का कार्य जारी रहा.

ALSO READ : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 57 नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *