Asansol/Jamtara: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने सिउड़ी माल गोदाम से खाद्य तेल और चावल की सफल लोडिंग कर माल व्यवसाय के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है. यह पहल क्षेत्रीय उद्योगों को रेलवे से जोड़ने और माल परिवहन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
जानकारी के अनुसार सिउड़ी क्षेत्र की खाद्य तेल प्रसंस्करण इकाइयों और चावल मिलों से तैयार उत्पादों को असम के अज़ारा तक भेजने के लिए माल लदान किया गया. इस अभियान के तहत कुल 21 बीसीएन माल डिब्बों में सामग्री लोड की गई, जिसमें 11 डिब्बों में खाद्य तेल और 10 डिब्बों में चावल भेजा गया.
रेलवे अधिकारियों ने कहा…
इस माल परिवहन से भारतीय रेलवे को करीब 19.67 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह लदान अभियान वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के बेहतर समन्वय से सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
रेलवे का कहना है कि इस पहल से सिउड़ी क्षेत्र की खाद्य तेल इकाइयों, चावल मिलों और अन्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को अपने उत्पाद देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. साथ ही पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर क्षेत्र के बीच माल परिवहन संपर्क भी मजबूत होगा. रेल परिवहन को किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बताते हुए आसनसोल मंडल ने उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से रेलवे की माल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है.
ALSO READ: झारखंड पुलिस: सब इंस्पेक्टर के 6700 में से 2500 पद है खाली


