Giridih: गिरिडीह जिले में नशामुक्ति को लेकर जन-जागरूकता अभियान लगातार तेज होता जा रहा है. इसी कड़ी में शनिवार को प्लस टू एच.ई. हाई स्कूल से विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया. जागरूकता रैली उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर निकाली गई थी. जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर झंडा मैदान, सदर अस्पताल, टावर चौक समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची. इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया.
‘हम सब का एक ही नारा, नशा मुक्त जीवन हो हमारा’
रैली में शामिल विद्यार्थियों ने ‘हम सब का एक ही नारा, नशा मुक्त जीवन हो हमारा’, ‘नशा छोड़ें, शिक्षा चुनें’, ‘नशा को ना कहें, जीवन को हां कहें’ तथा ‘नशा छोड़ें, परिवार जोड़ें’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. उन्होंने आमजनों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की. इस अवसर पर जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है. उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया.

युवा पीढ़ी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकता है. जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान आगामी दिनों में भी विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जारी रहेगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके.

यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: चाईबासा ट्रेजरी घोटाला – ओडिशा, मोरहाबादी, पोटका और चाईबासा में SBI खातों में किए गए लाखों रुपये ट्रांसफर


