Ranchi: मादक पदार्थों के सेवन और दुरुपयोग के खिलाफ रांची में चलाया गया जिला स्तरीय विशेष जागरूकता अभियान खेल, कला और जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ शानदार अंदाज में संपन्न हो गया. जिला खेल कार्यालय, रांची की ओर से आयोजित इस अभियान में जिले भर के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज का संदेश दिया.

युवाओं को नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
अभियान के समापन अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने तथा मादक पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने का संकल्प दिलाया.
खेल प्रतियोगिताओं और पेंटिंग के जरिए दिया संदेश
इस अभियान में रांची जिले के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, खेलो इंडिया केंद्र, डे-बोर्डिंग केंद्र और विभिन्न खेल अकादमियों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और रस्साकस्सी जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए बच्चों और युवाओं ने नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज की जरूरत को रचनात्मक ढंग से सामने रखा.
ALSO READ: सरायकेला : आदिवासी समाज ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की.
प्रभात फेरी के माध्यम से किया गया जागरूक
अभियान के दौरान प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसमें युवाओं ने नशामुक्ति के नारों के साथ लोगों को जागरूक किया. खेल और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए यह संदेश दिया गया कि युवा शक्ति यदि सही दिशा में लगे, तो समाज से नशे जैसी बुराई को खत्म किया जा सकता है.


