Ranchi: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला 2026 की तैयारी तेज हो गई है. जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने मेला संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग टेंडर जारी किया है. मेला संचालन के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये की न्यूनतम बोली तय की गई है. वहीं सुरक्षा के लिए 100 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी. दोनों टेंडर के लिए आवेदन 28 जून 2026 तक मांगे गए हैं.
15 से 25 जुलाई तक लगेगा रथ मेला
समिति के अनुसार रथ मेला 15 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक मंदिर परिसर के आसपास 41.27 एकड़ क्षेत्र में लगेगा. मेला संचालन के लिए फर्म, कंपनी, एलएलपी, ट्रस्ट और सोसाइटी आवेदन कर सकते हैं. सफल बोलीदाता को मेले में स्टॉल संचालन का अधिकार मिलेगा. मेला क्षेत्र में बिजली, झूले, मनोरंजन साधनों की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी भी उसी की होगी.

टेंडर के लिए तय की गई हैं शर्तें
टेंडर में भाग लेने के लिए 2.10 लाख रुपये का बैंक ड्राफ्ट जमा करना होगा. चयनित एजेंसी को तीन दिनों के भीतर कुल राशि का 50 प्रतिशत जमा करना होगा, जबकि बाकी राशि 25 जुलाई तक देनी होगी.

सुरक्षा के लिए 100 कर्मियों की होगी तैनाती
वहीं मेले की सुरक्षा के लिए भी अलग टेंडर निकाला गया है. समिति ने 20 गनमैन, 60 पुरुष और 20 महिला लाठीधारी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का फैसला लिया है. सुरक्षा एजेंसी का रजिस्ट्रेशन होना और कम-से-कम तीन साल का अनुभव जरूरी होगा. सभी सुरक्षाकर्मियों का पुलिस सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा. समिति ने कहा है कि इच्छुक एजेंसियां और फर्म 20 जून से 28 जून अपराह्न 4 बजे तक आवेदन जमा कर सकती हैं. सुरक्षा निविदा 29 जून को अपराह्न 3 बजे खोली जाएगी.

