Ranchi: राजधानी रांची में रविवार को NEET परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई. शहर के 21 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली. अभ्यर्थी तय समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई. एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया. सुरक्षा कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से जांच कर परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया.
यह भी पढ़ें: पिता केवल रिश्ता नहीं, संघर्ष और संस्कार की पाठशाला हैं, पिता शिबू सोरेन को याद कर भावुक हुए सीएम हेमंत सोरेन

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रोक
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी बड़ी संख्या मौजूद रही. कई अभिभावक अपने बच्चों को शुभकामनाएं देने के बाद परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के बाहर इंतजार करते नजर आए. वहीं, परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, कदाचार या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है. सभी केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है.

यह भी पढ़ें: झारखंड में मानसून की रफ्तार: अगले 48 घंटों में झमाझम बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी का अलर्ट

