Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड के पुरुनियां गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. नशे की हालत में कोबरा नाग को पकड़ने की कोशिश एक व्यक्ति को भारी पड़ गई. सांप ने युवक के हाथ और पैर में डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. जानकारी के अनुसार, पुरुनियां गांव निवासी कृष्णा होनहागा (40) नशे की अवस्था में कोबरा नाग को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान कोबरा ने पलटवार करते हुए उन्हें डस लिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर
गांव के युवा बागुन होनहागा ने तत्परता दिखाते हुए घायल कृष्णा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासाहातु पहुंचाया. वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर होने और ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने पीड़ित को एंटी-वेनम इंजेक्शन(Anti-venom injection) दिया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार होने लगा. फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

घटना की जानकारी मिलने पर खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप दिखने पर उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें. रात में मच्छरदानी का उपयोग करें, अंधेरे में टॉर्च लेकर निकलें और सांप काटने पर झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में पड़ने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें.
ALSO READ: सैलून में मालिक बेचता था गांजा, 3.9 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार


