Bokaro: सदर अस्पताल सहित जिले के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में कार्यरत ठेका सफाई कर्मी सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल पर चले गए. इससे स्वास्थ्य व्यवस्था की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित रही. तीन महीने से वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मियों ने विरोध में कामकाज ठप कर दिया, जिससे सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उपकेंद्रों तक सफाई व्यवस्था चरमरा गई. सफाई कर्मियों के हड़ताल में जाने से मरीजों और उनके परिजनों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा, जिसे संभालने में अस्पताल प्रबंधन भी असहाय नजर आया.
तीन माह का वेतन बकाया
सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें अप्रैल, मई और जून माह का वेतन अब तक नहीं मिला है. कई बार ठेकेदार से संपर्क करने के बावजूद सिर्फ “अलॉटमेंट नहीं मिला” होने का हवाला दिया जा रहा है. इससे आक्रोशित होकर कर्मियों ने एकजुट होकर काम बंद करने का निर्णय लिया. सफाई कर्मी सागर कुमार और छोटू कुमार ने बताया कि यह एक दिवसीय हड़ताल फिलहाल सांकेतिक है, लेकिन समय रहते सफाई कर्मियों के वेतन का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे.

इस हड़ताल ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था में कार्यरत ठेका कर्मियों की समस्याओं को उजागर कर दिया है. सवाल यह है कि जिन कर्मियों पर अस्पतालों की स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उनको समय पर वेतन का भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है?
यह भी पढ़ें: पलामू: देवरी ओपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो जावा महुआ व शराब नष्ट


