Bihar: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2026 एवं 02/2026 के तहत सिपाही (सामान्य), बिहार पुलिस दूरसंचार तथा सिपाही चालक पदों पर नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा 24 जून को वैशाली जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक संचालित होगी. अभ्यर्थियों को समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है.
फ्रिस्किंग के बाद ही मिलेगा प्रवेश
जिला प्रशासन के अनुसार सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी. निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. अभ्यर्थियों को अपना वैध प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा.

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
परीक्षा के सफल संचालन के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता दल, जोनल एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा. प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
Read Also: झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में झमाझम बारिश; तापमान में गिरावट
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली, पंखा, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.


