Ranchi: राजधानी के धुर्वा-हटिया इलाके में रोजाना रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है. पुलिस मुख्यालय धुर्वा से हटिया के चांदनी चौक तक रेलवे लाइन के ऊपर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और अब इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. यह आरओबी हटिया स्टेशन और बालसिरिंग स्टेशन के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या एचबी-1 के स्थान पर प्रस्तावित है. पथ निर्माण विभाग के एडवांस प्लानिंग डिवीजन को डीपीआर तैयार कराने की जिम्मेदारी दी गई है. इसके लिए कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 90 दिनों के भीतर डीपीआर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.
स्मार्ट सिटी को मिलेगा सीधा फायदा
प्रस्तावित आरओबी को रांची स्मार्ट सिटी की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा. स्मार्ट सिटी क्षेत्र में भविष्य में करीब डेढ़ लाख लोगों के बसने की योजना है. ऐसे में यह ओवरब्रिज सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि पूरे दक्षिणी रांची की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली परियोजना साबित हो सकता है. इसके निर्माण से स्मार्ट सिटी, धुर्वा, हटिया और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

सिर्फ पुल नहीं, पूरी जमीन-वन और तकनीकी पड़ताल होगी
डीपीआर तैयार करने वाली एजेंसी को केवल पुल की डिजाइन ही नहीं बनानी होगी, बल्कि परियोजना से जुड़ी तमाम जरूरी प्रक्रियाओं का भी आकलन करना होगा. इसमें वन भूमि के डायवर्जन, भूमि अधिग्रहण, भू-स्वामित्व से जुड़े ब्योरे और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन शामिल रहेगा. डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की कुल लागत, निर्माण की रूपरेखा और समय-सीमा स्पष्ट हो सकेगी. इसके बाद राज्य सरकार निर्माण कार्य के लिए अंतिम स्वीकृति और वित्तीय प्रबंध की दिशा में कदम बढ़ाएगी.
फाटक बंद होते ही लग जाती है लंबी कतार
अभी हटिया क्षेत्र और पुलिस मुख्यालय-चांदनी चौक मार्ग पर रेलवे फाटक बंद होते ही वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूल-कॉलेज के छात्र, स्थानीय निवासी और आपातकालीन सेवाएं सभी इस जाम की मार झेलते हैं. कई बार कुछ मिनट का फाटक बंद होना आधे घंटे की परेशानी में बदल जाता है.


