Bermo: CCL कथारा क्षेत्र के गोविंदपुर-स्वांग परियोजना के फेज-दो ओपन कास्ट माइंस में आउटसोर्सिंग का कार्य करने वाली कंपनी मेसर्स बीकेटी के मजदूरों का पिछले पांच दिनों से जेएलकेएम के बोकारो जिला सचिव नीलकंठ महतो के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन गुरुवार को वार्ता के बाद समाप्त हो गया.
वार्ता के बाद कई मांगों पर बनी सहमति
वार्ता में डुमरी के विधायक जयराम महतो, सीसीएल गोविंदपुर के परियोजना पदाधिकारी सतीश त्रिवेदी, गोविंदपुर कोलियरी के प्रबंधक मनोज कुमार और मेसर्स बीकेटी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में श्रमिकों के मांग पत्र पर श्रम कानूनों एवं कंपनी नीति के अनुसार विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. वार्ता में बनी आपसी सहमति के बाद मजदूरों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली, जिससे खदान में पिछले कई दिनों से ठप पड़ा उत्पादन कार्य पुनः सुचारू रूप से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया. बैठक में तय हुआ कि सभी कर्मचारियों को नियुक्ति यानी जॉइनिंग से पूर्व वेतन भुगतान की शर्तों और दरों के संबंध में जो अग्रिम सहमति बनी थी, उसी के आधार पर वर्तमान में भुगतान किया जा रहा है और कंपनी की वित्तीय स्थिति में सुधार होने पर इस विषय पर दोबारा विचार किया जाएगा. साथ ही सभी कर्मचारियों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा.

जिन कर्मचारियों का मई माह का वेतन उपस्थिति के अनुसार कम प्राप्त हुआ है, उनकी शेष राशि का भुगतान एरियर के रूप में जल्द ही कर दिया जाएगा. इसके अलावा, प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों को अगले 15 से 20 दिनों के भीतर फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध कराने और कार्यालय में समय पर उपस्थिति रजिस्टर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है ताकि इच्छुक कर्मचारी इसका अवलोकन कर सकें.
ALSO READ: सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड में दोहरी मार, हाथियों के आतंक और बिजली संकट से त्रस्त ग्रामीण
उत्पादन लक्ष्य पूरा करने की अपील
राष्ट्रीय अवकाश के दिन कार्य करने वाले कर्मचारियों को एक दिन का अतिरिक्त वेतन देने पर भी सहमति बनी है, क्योंकि खनन कार्य आवश्यक सेवा के अंतर्गत आता है. कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर निर्णय लिया गया कि सीसीएल से बिल पास होने के दो-तीन दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा, जो सामान्यतः प्रत्येक माह की 7 से 15 तारीख के बीच होगा. यदि किसी कारणवश इसमें देरी की संभावना होगी तो इसकी सूचना कर्मचारियों को पहले ही दे दी जाएगी.
प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत अन्य मांगों पर कंपनी की वित्तीय स्थिति सुधरने के बाद विचार-विमर्श किया जाएगा. अंत में प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से कंपनी की वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखते हुए हड़ताल को शीघ्र समाप्त कर निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग करने की अपील की, ताकि परियोजना का संचालन सफलतापूर्वक सुनिश्चित हो सके. बैठक के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों और कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया. आंदोलन को सफल बनाने में अरुण कुमार, सचिन कुमार तुरी, बेरमो प्रखंडाध्यक्ष भानु प्रताप महतो, सचिव महेश महतो, उपाध्यक्ष पप्पू महतो, महेश रजक, संगठन सचिव उमेश राम, राजू परवेज, डॉ. दशरथ महतो, महताब आलम, कपिल महतो आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही.


