Koderma : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के लतबेधवा गांव में एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली. मृतका का शव घर के कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला. जिसकी पहचान 23 वर्षीय संजना कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार संजना की शादी करीब चार महीने पहले मरकच्चो के पश्चिमी मोहल्ला निवासी अमर सिंह के साथ हुई थी. कुछ दिन पहले वह अपने मायके लतबेधवा आई हुई थी. सोमवार की रात वह अपने परिजनों के साथ जयनगर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटी थी. परिजनों के अनुसार घर लौटने के बाद उसने सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में सोने चली गई. मंगलवार सुबह संजना की मां ने देखा की कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला है. कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. जब घर के पीछे से खिड़की के माध्यम से कमरे के अंदर देखा गया तो संजना पंखे से लटकी हुई मिली.
कमरा तोड़कर परिजनों ने शव निकाला बाहर
आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर परिजन कमरे के अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना तत्काल जयनगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसआई प्रतीत टोपनो और एसआई समसूदीन खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मृतका के मोबाइल फोन को भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार, शादी समारोह से लौटने के बाद संजना सामान्य थी. ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं.

ALSO READ : NEET UG री-एग्जाम पेपर लीक मामला : लखीसराय से गिरफ्तार सॉल्वर गैंग का कनेक्शन झारखंड से, छात्रा गिरफ्तार


