Giridih: गिरिडीह नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर सफाई व्यवस्था और कर्मियों की कार्यशैली का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया.
नगर आयुक्त ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
बिजय सिंह बिरुआ ने 19 जून 2026 को गिरिडीह नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया है. इससे पहले वे लगभग दो वर्षों तक गिरिडीह में अपर समाहर्ता के पद पर कार्यरत रहे हैं. निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.

करीब दो घंटे तक नगर निगम परिसर में मौजूद रहकर उन्होंने आम नागरिकों और सफाई कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण को लेकर निगम कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा होती रही.
ALSO READ: गुमला में प्रशासनिक सक्रियता से विकास कार्यों को मिली रफ्तार, शिक्षा-स्वास्थ्य पर बढ़ा फोकस


