Hazaribagh: चौपारण में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के 4/6 लेन चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित रैयतों को मुआवजा भुगतान एवं अन्य लंबित मामलों के समाधान के लिए 24 जून को अंचल कार्यालय चौपारण में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर की तैयारियों को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में शिविर के सफल संचालन, दस्तावेजों की जांच, मुआवजा भुगतान से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रभावित परिवारों तक शिविर की सूचना समय पर पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक रैयत इसका लाभ उठा सकें.
मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में बताया गया कि हजारीबाग जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के निर्देश पर मौजा बारा ए एवं बारा बी के प्रभावित रैयतों के लिए यह विशेष शिविर लगाया जा रहा है. शिविर में भूमि एवं संरचना अधिग्रहण से जुड़े मुआवजा दावों की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर पात्र मामलों का निष्पादन किया जाएगा.

जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील
बीडीओ नितेश भास्कर ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से शिविर की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र रैयत मुआवजा लाभ से वंचित न रहे.
11:30 बजे से शुरू होगा शिविर
जिला प्रशासन की ओर से भू-अर्जन कार्यालय के प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी शिविर में मौजूद रहेंगे. यह विशेष शिविर 24 जून को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अंचल कार्यालय, चौपारण में आयोजित होगा. प्रभावित रैयतों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपने मामलों का समाधान कराएं.
AlsoRead:माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कदाचार के आरोपी को बेल देने से कोर्ट का इनकार


