Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

झारखंड : मानसून की दमदार दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अगले 6 दिनों का वेदर फोरकास्ट

Ranchi : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झारखंड के कई हिस्सों में दमदार दस्तक दे दी है. मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून की उत्तरी...

मानसून

Ranchi : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झारखंड के कई हिस्सों में दमदार दस्तक दे दी है. मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा इस समय डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है. जिसने राज्य के एक बड़े हिस्से में झमाझम बारिश का दौर शुरू कर दिया है. हालांकि, मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.

मानसून की मौजूदा स्थिति और अनुकूल परिस्थितियां

मौसम केंद्र के मुताबिक, समुद्र तल पर बना मौसमी ट्रफ इस समय उत्तरी राजस्थान से बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है. वहीं, उत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक अन्य ट्रफ रेखा झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है. इन मजबूत प्रणालियों के कारण अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून के पूरे झारखंड में विस्तार के लिए स्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं.

पिछले 24 घंटों के आंकड़े : गुमला में भारी बारिश, डालटनगंज सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर बादल जमकर बरसे. गुमला जिले के भरनो में मानसून ने सबसे ज्यादा मेहरबानी दिखाई. जहां रिकॉर्ड 82.0 मिलीमीटर भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं डालटनगंज में सूरज का तेवर तीखा रहा. जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बोकारो में 36.1 डिग्री सेल्सियस और सराइकेला में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

आगामी दिनों का पूर्वानुमान और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने 23 से 29 जून तक का पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. जिसके बाद तापमान स्थिर हो जाएगा. 24 और 25 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग (पलामू प्रमंडल) को छोड़कर शेष सभी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. वहीं, 26 से 29 जून के बीच मानसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा और अधिकांश स्थानों पर गर्जन के साथ झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है. विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस दौरान पूरे राज्य में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजधानी रांची में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

रांची और इसके आसपास के इलाकों में 23 और 24 जून को आंशिक बादल छाए रहेंगे और गर्जन वाले बादल बन सकते हैं. जिससे अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. वहीं, 25 से 27 जून तक मेघ गर्जन के साथ नियमित बारिश की संभावना है, जिससे पारा गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा. इसके बाद 28 और 29 जून को राजधानी में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी.

 

ALSO READ : BREAKING- झारखंड पुलिस: 20 साल से अधिक समय से ‘नियम विरुद्ध’ सेवा दे रहे पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *