Koderma: नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) निर्मल सोरेन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क और नालों के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई. कोडरमा बाजार क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी, अंचल अधिकारी रवि भूषण प्रसाद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शंभू कुशवाहा, थाना प्रभारी विकास पासवान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

ठेले, दुकानें और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानों तथा अवैध पार्किंग करने वालों को हटाया गया. अधिकारियों ने कहा कि सड़क और नालों के आसपास अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है. प्रशासन ने लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि फिलहाल चेतावनी दी जा रही है. लेकिन भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

अन्य क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल कोडरमा बाजार तक सीमित नहीं रहेगा. तिलैया समेत नगर पंचायत के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार अभियान चलाकर सड़क और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा. प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी को नियमों का पालन करना आवश्यक है.
ALSO READ : माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कदाचार के आरोपी को बेल देने से कोर्ट का इनकार


