Ranchi: गोंदा थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल कॉलोनी (IAS क्लब) के समीप स्थित मुंडा होटल के सामने मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया. हालांकि घटना के तुरंत बाद एक आरोपी लोगों के हत्थे चढ़ गया.
जानकारी के अनुसार, चेन छीनकर भागने के दौरान अपराधियों की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों आरोपी सड़क पर गिर गए. इसके बाद एक आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

घटना की शिकार महिला ने बताया…
घटना की शिकार महिला ने बताया कि दोनों आरोपी उसके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास कर रहे थे. भागने के दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके कारण एक आरोपी पकड़ा गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति रही. सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात भी प्रभावित हुआ.
मौके पर पहुंची पुलिस, पूछताछ जारी
सूचना मिलने पर गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर राजधानी में हाल के दिनों में हुई अन्य छिनतई की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिलने की संभावना है. गौरतलब है कि राजधानी रांची में हाल के दिनों में चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आ रही हैं.
ALSO READ: जामताड़ा पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव: गौतम झा बने अध्यक्ष, नई टीम ने संभाली कमान


