Jamtara: झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा जामताड़ा के वर्ष 2026 के त्रैवार्षिक चुनाव का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया. चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुई. जिले भर के पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया और नई कार्यकारिणी के गठन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस चुनाव में कुल 716 योग्य मतदाताओं में से 672 पुलिसकर्मियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पुलिसकर्मियों की संगठन के प्रति जागरूकता और सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है. मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन पदाधिकारियों ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की.
विभिन्न पदों पर विजयी उम्मीदवार
घोषित परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर गौतम झा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अल्फ्रेड मरांडी को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. उपाध्यक्ष पद पर मयंक हर्ष ने दीपक यादव को हराया. सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में राजन टुडू विजयी रहे, जबकि उन्होंने मनोज कुमार यादव को मात दी. कोषाध्यक्ष पद पर कुणाल कुमार दास ने कृष्ण मंडल को पराजित कर जीत हासिल की. केंद्रीय सदस्य पद पर सत्येंद्र जायसवाल ने मुरली मनोहर दास को हराया, वहीं अंकेक्षक (ऑडिटर) पद पर जयकुमार देव ने हवलदार राम हेंब्रम को पराजित कर सफलता प्राप्त की.

मंदिर में पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. नवनिर्वाचित पदाधिकारी शहर के प्रसिद्ध मन चंचला मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर संगठन के सफल संचालन और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की. इसके बाद समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर, फूल-मालाएं पहनाकर तथा मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया. दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा.
ALSO READ: मुहर्रम को लेकर पाकुड़ प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सहयोग और सतर्कता की अपील
पुलिसकर्मियों के हितों की रक्षा होगी प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौतम झा और केंद्रीय सदस्य सत्येंद्र जायसवाल ने सभी मतदाताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार की सामूहिक जीत है. उन्होंने कहा कि संगठन की एकता को मजबूत बनाए रखना और पुलिसकर्मियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
गौतम झा ने भरोसा दिलाया कि नई टीम सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य करेगी तथा पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त, प्रभावी और कर्मठ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे. इस अवसर पर मुन्ना सिंह, अंगद कुमार राय, अवधेश शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, पिंटू कुमार, ललन सिंह, पवन कुमार, अब्दुल गनी, अशरफ खान सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे. सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की.


