Ranchi: रांची नगर निगम ने शहर के कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान चलाया है. आज नगर निगम की टीम ने सर्कुलर रोड स्थित हरिओम टावर, मैट्रिक्स बिल्डिंग, प्रणामी हाइट्स और दृष्टि आईएएस बिल्डिंग में संचालित कई कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आईं.
व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई
नगर निगम की टीम ने ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट, सेटबैक एरिया, फायर सेफ्टी, बिजली सुरक्षा, वेंटिलेशन, डीजी सेट एनओसी, छात्रों के लिए अलग एंट्री-एग्जिट, सीसीटीवी, तय क्षमता के अनुरूप नामांकन, बैठने की पर्याप्त जगह और पार्किंग व्यवस्था की बारीकी से जांच की. हरिओम टावर में फिटजी, मोशन एकेडमी, पतंजलि आईएएस और वन स्टेप लाइब्रेरी, मैट्रिक्स बिल्डिंग में एलेन इंस्टीट्यूट, दृष्टि आईएएस बिल्डिंग में दृष्टि आईएएस और प्रणामी हाइट्स में विद्यापीठ एकेडमी की जांच की गई.

कुछ जगहों पर छात्रों के लिए अलग एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था नहीं पाई गई
जांच में कुछ कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की वैधता समाप्त मिली, जबकि कुछ जगहों पर छात्रों के लिए अलग एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था नहीं पाई गई. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नगर निगम ने संबंधित संचालकों को तुरंत सुधार करने का निर्देश दिया है. साथ ही झारखंड अग्निशमन विभाग को पत्र भेजकर इन संस्थानों की अलग से जांच कराने की तैयारी की गई है. विभाग की रिपोर्ट के आधार पर ही अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी होगा.
लापरवाही पाने पर कोचिंग संस्थानों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
नगर निवेशक संजीव कुमार ने साफ कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा. जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली है, उन्हें हर हाल में व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी. निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर जांच में लापरवाही, नियम उल्लंघन या सुरक्षा में कमी पाई गई, तो संबंधित कोचिंग संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आने वाले दिनों में शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी इसी तरह का सघन जांच अभियान चलाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प


