Chaibasa: टोकलो थाना क्षेत्र के गुमानडीह गांव में घरेलू विवाद ने दुखद रूप ले लिया. पति ने पत्त्नी की पिटाई की जिसके बाद पत्नी की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, गुमानडीह गांव निवासी मांगता हेम्ब्रम और उसकी पत्नी सरिता हेम्ब्रम के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था. बताया जाता है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर शनिवार को विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान मांगता हेम्ब्रम ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी. परिजनों के अनुसार, घटना के बाद सरिता हेम्ब्रम की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई. रविवार को उसकी स्थिति और गंभीर हो गई, लेकिन उसे उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया. सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई. महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने सोमवार शाम मामले की सूचना टोकलो थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
यह भी पढ़ें: रांची: 262 अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, झारखंड स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार और बहाली की तैयारी

आरोपी पति को भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति मांगता हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा की गई पिटाई के कारण महिला की मौत होने की बात सामने आई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वे स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात : आदित्य साहू


