Ranchi: झारखंड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में चयनित 262 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. इसके लिए प्रोजेक्ट भवन सभागार में सुबह 11 बजे समारोह आयोजित होगा. नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं. माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से राज्य के अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.
हर नागरिक तक बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, कि राज्य के हर नागरिक तक बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी दूर करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत और व्यवस्थित बनाया जा सके.

मंत्री ने यह भी ऐलान किया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग में करीब 11 हजार अतिरिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. उन्होंने कहा कि जब तक राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह सशक्त नहीं हो जाती, तब तक वह चैन से बैठने वाले नहीं हैं. सरकार की यह पहल स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार और सुधार की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: उपायुक्त ने की आजीविका योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश


