Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित नई बस्ती उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर एक दिवसीय डायरिया जागरूकता कैंप लगाया गया. साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए. शिविर में विद्यालय के बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके बताए गए. मौके पर डॉ. रितंकर चक्रव्रती ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी. वहीं हेल्थ इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार ने बच्चों को डायरिया (दस्त) के लक्षण, कारण और इससे बचाव के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि ओआरएस का घोल डायरिया के दौरान जीवन रक्षक साबित हो सकता है. जागरूकता सत्र के बाद सभी बच्चों के बीच ओआरएस के पैकेट बांटे गए. शिविर के दौरान स्कूल की छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया. टीम द्वारा किशोरियों को शरीर में खून की कमी (एनीमिया) के लक्षणों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. स्वास्थ्य के प्रति सजग करते हुए छात्राओं के बीच आयरन सिरप का भी वितरण किया गया.

मुफ्त में दी गई दवाई
इसके अलावा सामान्य जांच के बाद जरूरतमंद बच्चों को विटामिन, कान की दवाई, मेट्रोनिडाजॉल टेबलेट एवं अन्य आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं. शिविर को सफल बनाने और बच्चों को जागरूक करने में मो. कलीम अंसारी, गौतम मंडल और विकास कुमार (सीएसआर) ने सराहनीय भूमिका निभाई. स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इस पहल की काफी प्रशंसा की है.


