Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आज डीवीसी कॉलोनी, खप्परसाई, चाईबासा में भव्य विद्युत ऊर्जा मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मंझगांव विधायक नीरल पूर्ती, जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम सभी अतिथियों का स्थानीय परंपरा के अनुरूप पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, पौधा एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया. इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वृक्षारोपण कर ऊर्जा मेला का विधिवत शुभारंभ किया.
ऊर्जा मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉल
ऊर्जा मेला में विद्युत आपूर्ति, नए कनेक्शन, बिलिंग, मीटरिंग, विद्युत सुरक्षा, शिकायत निवारण एवं उपभोक्ता सेवाओं से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिसका उपस्थित अतिथियों द्वारा निरीक्षण कर विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा उपभोक्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया. इस अवसर पर विद्युत विभाग के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले कर्मियों एवं लाइनमैनों को सेफ्टी किट एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं मीटर रीडर एवं ऊर्जा मित्रों को टी-शर्ट एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की गई. विभाग के प्रति सकारात्मक सहयोग एवं समय पर विद्युत बिल भुगतान करने वाले जागरूक उपभोक्ताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया.

विद्युत आज विकास की आधारभूत आवश्यकता
मंझगांव विधायक नीरल पूर्ती ने अपने संबोधन में कहा, कि विद्युत आज विकास की आधारभूत आवश्यकता बन चुकी है. ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार एवं विद्युत विभाग निरंतर कार्य कर रहे हैं. उन्होंने आमजनों से विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने, बिजली चोरी रोकने तथा ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया. वहीं विधायक जगन्नाथपुर सोनाराम सिंकु ने कहा कि विद्युत ऊर्जा मेला उपभोक्ताओं और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. ऐसे आयोजनों से लोगों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं एवं शिकायत निवारण प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है, जिससे सेवा वितरण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनती है.
विधायक मनोहरपुर जगत माझी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अनावश्यक बिजली की खपत कम करने, ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करने तथा सुरक्षित विद्युत उपयोग के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
ऊर्जा संरक्षण आज की आवश्यकता है- उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा, कि विद्युत सेवा आमजन के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ी हुई है. जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग का प्रयास है, कि प्रत्येक उपभोक्ता को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हों. उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज की आवश्यकता है और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर हम ऊर्जा बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं. उन्होंने नागरिकों से समय पर विद्युत बिल भुगतान करने, बिजली चोरी की सूचना देने तथा सुरक्षित विद्युत उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपभोक्ताओं द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं सुरक्षित विद्युत उपयोग की सामूहिक शपथ भी ली गई.
नवनिर्मित सहायक विद्युत अभियंता कार्यालय का किया गया उद्घाटन
समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा नवनिर्मित सहायक विद्युत अभियंता कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आशा व्यक्त की, कि नए कार्यालय के संचालन से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी सेवाएं और अधिक सुगमता एवं त्वरित रूप से प्राप्त होंगी.


