Newswave Desk: मंगलवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया. इस वर्ष एजेंसी ने परीक्षा समाप्त होने के महज 16 दिनों के भीतर नतीजे जारी कर दिए, जो पिछले साल की तुलना में 12 दिन पहले हैं. बता दें कि इस साल परीक्षा के लिए 15.68 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन 11.64 लाख से अधिक अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए. इसी परीक्षा के आधार पर देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भागीदार संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है.
बार दिल्ली के पूर्व मंत्री और वर्तमान BJP विधायक कैलाश गहलोत की बेटी देविना गहलोत ने 1232.19 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि शिक्षा जगत में भी चर्चा बटोरी है.

देविना गहलोत ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया
देविना गहलोत दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), वसंत कुंज की छात्रा हैं. वह शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं. इससे पहले उन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. अब उनका लक्ष्य दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में दाखिला लेकर आगे की पढ़ाई करना है. देविना की सफलता इस बात का उदाहरण है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी छात्र को बड़ी उपलब्धि तक पहुंचा सकता है.
CUET UG 2026 में देविना ने कुल 1250 अंकों में से 1232.19 अंक प्राप्त किए. इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने देशभर में पहला स्थान हासिल किया. NTA द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार, सक्षम गोयल ने 1230.82 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमाचल प्रदेश के उदित चतुर्वेदी 1207.21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
देविना ने सभी विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन किया
देविना ने पांच विषयों में परीक्षा दी थी और लगभग सभी विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने अंग्रेजी में 99.99 पर्सेंटाइल हासिल किया. वहीं अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए. इसके अलावा ललित कला, दृश्य कला और व्यावसायिक कला विषय में उनका पर्सेंटाइल 99.91 रहा. इस तरह उन्होंने पांच में से तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल कर देशभर के लाखों छात्रों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई. देविना गहलोत की यह सफलता उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत और लगन के दम पर अपने सपनों को साकार करने का लक्ष्य रखते हैं.
ALSO READ: त्रिशा के खास पोस्ट से खत्म हुईं ब्रेकअप की अफवाहें, सोशल मीडिया पर मची हलचल


