News Wave Desk: स्टार प्लस के चर्चित पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में कुंती का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री शफक नाज ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. एक्ट्रेस ने डेढ़ साल बाद अपनी शादी की खबर सार्वजनिक करते हुए पहली बार पति जीशान का चेहरा फैंस को दिखाया है.
इंस्टाग्राम पर साझा की रोमांटिक तस्वीरें
शफक ने इंस्टाग्राम पर पति जीशान के साथ कई खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं. तस्वीरों में दोनों ओमान के मस्कट में समुद्र किनारे क्वालिटी टाइम बिताते नजर आ रहे हैं. कपल की रोमांटिक केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है.


31 अक्टूबर 2024 को हुई थी शादी
तस्वीरों के साथ शफक ने एक भावुक नोट भी लिखा. उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अपने पसंदीदा इंसान जीशान से शादी की थी. एक्ट्रेस ने लिखा कि पिछले डेढ़ साल से वह अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत और शांत दौर का आनंद ले रही हैं और अब वह अपने पति को दुनिया से मिलवाने के लिए तैयार हैं.

मस्कट के बिजनेसमैन हैं जीशान
शफक नाज के पति जीशान एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से नहीं जुड़े हैं. वह ओमान के मस्कट में रहने वाले एक प्रतिष्ठित बिजनेसमैन हैं. हालांकि, शफक ने पहले भी उनके साथ कुछ तस्वीरें साझा की थीं, लेकिन तब उनकी पहचान और चेहरा दोनों छिपाकर रखा था.
सेलेब्स और फैंस ने दी शुभकामनाएं
शफक की शादी का खुलासा होते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया. भारती सिंह, देवोलीना भट्टाचार्जी समेत कई टीवी सितारों और फैंस ने कमेंट कर उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं.

टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं शफक
शफक नाज को ‘महाभारत’ में कुंती के किरदार से खास पहचान मिली थी. इसके अलावा वह ‘चिड़ियाघर’, ‘सपना बाबुल का… बिदाई’, ‘संस्कार लक्ष्मी’, ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘अदालत’, ‘सावधान इंडिया’, ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ और ‘गुम है किसी के प्यार में’ जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं.


