Saraikela : जिला में आम की ब्रिकी बहुत हो रही है. स्थानीय किसानों के उगाये आम की मांग बाजार में देखी जा रही है. जहां चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के डेली मार्केट और रेलवे स्टेशन रोड पर सड़क किनारे आम देखा जा रहा है. यहां रोजाना लगने वाले दैनिक मार्केट में सैकड़ों किसान अपनी साग सब्जी और बागवानी के आम लेकर पहुंच रहे हैं. ताजा सब्जियों के साथ-साथ रसीले आम की बिक्री जोर-शोर से हो रही है.
लंगड़ा, आम्रपाली, देशी आमों की मांग
मार्केट में लंगड़ा, आम्रपाली, देहाती और अन्य देशी प्रजातियों के आम 20 रुपये से 60 रुपये किलो तक बिक रहे हैं. सभी किसान अपने बगीचे का आम सीधे मार्केट में लाकर बेच रहे हैं. जिससे ग्राहकों को ताजा और सस्ता फल मिल रहा है. दूरदराज से लोग भी सब्जी और आम खरीदारी के लिए यहां पहुंच रहे हैं. स्टेशन रोड पर मार्केट लगने से यात्रियों को भी सुविधा हो रही है. कई यात्री ट्रेन पकड़ने या उतरकर घर जाते समय आम और सब्जी की खरीदारी करते है.

मुखिया भी बेच रहे 40 किलो तक आम
रासुनिया पंचायत के मुखिया मंगल माझी पिछले दो महीने से 30 से 40 किलो आम बेच रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्राकृतिक रूप से पके आम की मांग सबसे ज्यादा है. चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान अपने बाग-बगीचे से आम लाकर यहां बेचते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्केट से किसानों को सीधे बिक्री का फायदा मिल रहा है और उपभोक्ताओं को बिचौलियों के बिना ताजा फल-सब्जी उपलब्ध हो रही है.
ALSO READ : CUET UG 2026 की टॉपर बनीं देविना गहलोत, तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल


