Ranchi : मुहर्रम में राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की सारी तैयारी कर ली गयी है. जहां सुरक्षा में एक कंपनी रैफ सहित 6000 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. धार्मिक स्थलों के आसपास और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जायेगी. सुरक्षा में रेपिड एक्सन पुलिस (रैप), एसएसबी, एसआइआरबी, जैप, जैप की महिला बटालियन, इको, होमगार्ड सहित जिला बल की भी तैनाती होगी. इसके साथ टीयर गैस की टीम, बज्रवाहन, रंगीन वाटर टैंकर, रबर बुलेट की टीम को भी तैनात किया गया है. ताकि किसी भी तरह की उत्पात से निबटा जा सके. इतना ही नहीं सादे लिबास में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. उत्पात मचाने की कोशिश करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है. ऊंची बिल्डिंगों पर भी सुरक्षाकर्मियों को निगरानी के लिए तैनात किया गया है.
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
इस दौरान, सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जायेगी. फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम के हर मैसेज पर विशेष निगरानी रहेगी. इसके लिए अलग से टेक्निकल टीम को लगाया गया है. टेक्निकल टीम अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखेगी. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के साथ ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई की जायेगी. अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी.

ALSO READ : धनबाद DC ने भाषा की दीवार तोड़ फरियादी महिला से किया खोरठा में संवाद, दिया कार्रवाई का भरोसा


