Lohardaga: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 की पार्षद श्रीमती अविनाश कौंन ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की है. पार्षद ने विशेष रूप से नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सफाई कार्य और बरसात से पूर्व स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी उपायों पर ध्यान आकर्षित कराया है.
नाली नहीं बनने से घरों में घुसता है गंदा पानी
पार्षद ने अपने आवेदन में कहा है कि नगर परिषद के नए बोर्ड के गठन के बाद से ही उन्होंने बोर्ड की बैठकों के अलावा लिखित रूप से भी वार्ड के न्यू रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के पीछे बसे दोनों मोहल्लों में नाली निर्माण की आवश्यकता से प्रशासन को अवगत कराया था. उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में नाली नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में सड़क और आसपास का गंदा पानी सीधे लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है. इससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
जलजमाव से बढ़ रहा जहरीले जीवों का खतरा
उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े लोगों के घरों तक पहुंच जाते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना और जनहानि का खतरा बना रहता है. पार्षद के अनुसार इस समस्या को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव के साथ उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण भी कराया था. निरीक्षण के बाद नगर परिषद के सहायक अभियंता एवं अभियंता द्वारा स्थल पर पहुंचकर मापी का कार्य भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है.
मापी पूरी, फिर भी शुरू नहीं हुआ निर्माण कार्य
पार्षद ने कहा कि मानसून की शुरुआत होने वाली है और यदि समय रहते नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों की समस्याएं और बढ़ जाएंगी. उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराने की मांग की है. इसके अलावा वार्ड संख्या 8 के कुम्हार मोहल्ले में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया गया है. पार्षद ने बताया कि मोहल्ले के चापानल में समरसेबल पंप लगाने की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय लोगों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके. उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात दोनों मौसम में पेयजल की समस्या बनी रहती है, जिसके समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाना जरूरी है.
तीन दिनों से नहीं पहुंची कचरा उठाने वाली गाड़ी
सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षद ने नगर परिषद प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया. उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से कचरा उठाव करने वाली गाड़ी वार्ड में नहीं पहुंच रही है, जिसके कारण गलियों और मोहल्लों में कचरे का अंबार लगने लगा है. इससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कई दिनों से नियमित और संतोषजनक ढंग से सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है, जिससे बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है.
अतिरिक्त सफाई कर्मी और विशेष अभियान चलाने की मांग
पार्षद ने कार्यपालक पदाधिकारी से अतिरिक्त सफाई कर्मियों की व्यवस्था करने की मांग करते हुए कहा कि नगर परिषद को बरसात शुरू होने से पहले सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए. साथ ही नालियों, कुओं तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाना चाहिए, ताकि मच्छरों और अन्य रोग फैलाने वाले जीवों पर नियंत्रण रखा जा सके. उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर परिषद प्रशासन जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा और वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा. इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और बरसात के मौसम में संभावित समस्याओं से बचाव संभव हो सकेगा.
