Click Here
Click Here
Click Here

झारखंड में मानसून की धमाकेदार एंट्री : 28 जून से पूरे राज्य में झमाझम बारिश के आसार, जानें अगले 7 दिनों का मौसम

Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को मानसून...

मानसून बारिश थंडरिंग

Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को मानसून डाल्टनगंज के रास्ते राज्य के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है. इसके प्रभाव से जहां एक ओर गुमला में भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, उत्तर-पश्चिमी जिलों में अब भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना हुआ है. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे झारखंड को कवर कर लेगा. जिससे तपती गर्मी से राहत मिलेगी.

28 जून से पूरे राज्य में झमाझम बारिश के आसार

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 से 27 जून तक राज्य में कहीं-कहीं या कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. लेकिन 28 जून से मानसून पूरी तरह रफ्तार पकड़ेगा. 28 से 30 जून के बीच राज्य के अनेक स्थानों पर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और व्यापक रूप से झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है.

गुमला में सबसे भारी बारिश, डाल्टनगंज सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. इस दौरान सबसे अधिक 71.4 मिलीमीटर बारिश गुमला के रायडीह में दर्ज की गई. तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. जबकि लातेहार में सबसे कम 21.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पलामू, गढ़वा और चतरा में लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. इस बीच, 25 और 26 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों यानी गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की आशंका है. इसलिए इन जिलों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट

24 जून से लेकर 30 जून तक पूरे राज्य में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. 24 जून को उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर शेष हिस्सों में, और 25 से 30 जून के दौरान पूरे राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की तेज आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है. राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में भी 28 जून से मौसम सुहावना हो जाएगा. रांची का अधिकतम तापमान जो अभी 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. वह महीने के अंत तक गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा और लगातार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी.

 

ALSO READ : झारखंड में शिक्षा का विस्तार: 765 स्कूलों को मिलेगी नई पहचान, अपग्रेडेशन पर खर्च होंगे 1100 करोड़ से अधिक की राशि, ड्रॉप आउट रेट में आएगी कमी

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *